गणतंत्र दिवस पर दुनिया ने देखा भारत का दम, राजपथ पर झांकियों ने मोहा मन
गणतंत्र दिवस पर दुनिया ने देखा भारत का दम, राजपथ पर झांकियों ने मोहा मन
नई दिल्ली। आज( 26 जनवरी शनिवार को) देश 70वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर वर्ष की तरह राजपथ पर देश की संस्कृति को दिखाने वाली झाकियों के साथ भारतीय सेना अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रही है। गणतंत्र दिवस के मौके पर दुनिया ने राजपथ पर भारत का दम देखा।
इस मौके पर मोटरसाइकल सवार जवानों ने अपने करतब दिखाए। वहीं बच्चों ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। साथ ही, पूर्वी सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता के छात्रों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। राजपथ पर प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चे भी नजर आए। लोकनिर्माण विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षाबल, कृषि मंत्रालय, भारतीय, पेयजल स्वच्छता मंत्रालय, ऊर्जा मंत्रालय, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य केंद्रीय मंत्रालयों और राज्यों की झांकियों ने भी लोगों का मन मोहा।
यहां यह भी बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर अटारी वाघा बॉर्डर पर भारत और पाकिस्तान के सैनिकों ने मिठाई भेंट की। राजपथ पर एनएसएस की छात्राओं का दस्ता भी मार्च करते हुए गुजरा। एनसीसी की गर्ल्स भी अपना जोश दिखाते हुए नजर आईं, कैडेट्स का उत्साह उनके मार्च से नजर आ रहा था। ऊंटों वाला सुंदर दस्ता भी गुजरा। दिल्ली पुलिस का बैंड अपनी धुन से मंत्र मुग्ध करता नजर आया। ये बैंड कदम कदम बढ़ाए जा की धुन के साथ मार्चपास्ट कर रहा था। इससे पहले सीआरपीएफ का मार्चिंग दस्ता राजपथ पर गुजरा।
इसके अलावा यह पहला मौका था जब परेड स्थल पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज के जवान भी मौजूद रहे। उन्होंने मार्चपास्ट भी किया। वायुसेना का बैंड ऐस्ट्रोनॉट धुन सुना रहा था। लेफ्टिनेंट कमांडर अंबिका सुधाकरन के नेतृत्व में नौसेना का मार्चिंग दस्ता भी राजपथ पर गुजरा। वहीं आकाश में ध्रुव और रूद्र हेलिकॉप्टर मंडराते रहे। राजपथ पर आकाश मिसाइल भी प्रदर्शित की गई। देश की सेना की ताकत, सरफेस माइन्स क्लियरिंग सिस्टम भी दिखाया गया। टैंक टी-9-0 भीष्म भी राजपथ पर नजर आया।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत। लांस नायक शहीद नजीर अहमद वानी को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी ने यह सम्मान ग्रहण किया। समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा भी मंच पर मौजूद थे।

Facebook


