हैदराबाद में वाणिज्यिक इमारत में आग लगने के बाद बचाव अभियान जारी

Ads

हैदराबाद में वाणिज्यिक इमारत में आग लगने के बाद बचाव अभियान जारी

  •  
  • Publish Date - January 25, 2026 / 09:29 AM IST,
    Updated On - January 25, 2026 / 09:29 AM IST

हैदराबाद, 25 जनवरी (भाषा) हैदराबाद के नामपल्ली में फर्नीचर की चार मंजिला दुकान में भीषण आग लगने के बाद फंसे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। दुकान में आग लगने के बाद उसके भूमिगत तल में दो बच्चों समेत पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर आग लगने के बाद पुलिस, अग्निशमन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों और हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी समेत कई एजेंसियों ने बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के फंसे होने की आशंका है, उन्हें बचाने के प्रयास जारी हैं।

हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत से निकल रहे अत्यधिक धुएं के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है। इमारत में फंसे लोगों में एक चौकीदार के परिजन और अन्य कर्मचारियों के परिवार के सदस्य हैं।

उन्होंने बताया कि वहां कर्मचारियों के रहने के लिए भूमिगत तल में व्यवस्था की गई थी।

इमारत में फंसे लोगों के कुछ परिजन अपने प्रियजन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

एक परिजन ने रविवार को एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘हमें बच्चों की हालत नहीं पता। हम कल से अपने बच्चों को देखने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा।’’

भाषा

सिम्मी गोला

गोला