नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी अनंत राज लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि वह आगे की वृद्धि के लिए अपने डेटा सेंटर कारोबार को एक सूचीबद्ध कंपनी के तौर पर अलग करेगी।
दिल्ली की कंपनी अनंत राज लिमिटेड अभी दो अलग-अलग कारोबार चलाती है। एक रियल एस्टेट और दूसरा डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विस।
डेटा सेंटर कारोबार अभी अनंत राज लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनी अनंत राज क्लाउड प्राइवेट लिमिटेड (एआरसीपीएल) के जरिये चलाया जाता है।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा गया है कि कंपनी के निदेशक मंडल ने अनंत राज लिमिटेड, एआरसीपीएल (मिलने वाली कंपनी) और अशोक क्लाउड प्राइवेट लिमिटेड (नतीजतन बनने वाली कंपनी) और उनके शेयरधारकों और ऋणदाताओं के बीच एक मिली-जुली व्यवस्था योजना को मंजूरी दी।
इस योजना में एआरसीपीएल का अनंत राज लिमिटेड में विलय और उसके बाद अनंत राज लिमिटेड से डेटा सेंटर कारोबार को अशोक क्लाउड में अलग करने की बात कही गई है।
इससे डेटा सेंटर कारोबार अशोक क्लाउड में एक साथ आ जाएगा और अनंत राज लिमिटेड के रियल एस्टेट कारोबार से अलग हो जाएगा।
इस विभाजन के बाद अनंत राज लिमिटेड के मौजूदा शेयरधारकों को अशोक क्लाउड प्राइवेट लिमिटेड में शेयर मिलेंगे।
अनंत राज लिमिटेड देश की प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। इसकी मौजूदगी दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और राजस्थान में है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय