देहरादून में गोलीबारी में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर का अंतिम संस्कार किया गया

Ads

देहरादून में गोलीबारी में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर का अंतिम संस्कार किया गया

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 06:09 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 06:09 PM IST

देहरादून, एक अप्रैल (भाषा) देहरादून में दो कारों में सवार लोगों के बीच गोलीबारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी का बुधवार को यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।

श्मशान में गमगीन माहौल के बीच जोशी के बेटे ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी ।

जोशी (74) सोमवार सुबह मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सैर पर निकले थे जहां फार्च्यूनर और स्कॉपियो कार में सवार दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान गोली लगने से उनकी मौत हो गई।

इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के जोहड़ी गांव में स्थित जोशी के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। धामी ने उनके शोकसंतप्त परिजन से मुलाकात करने के बाद संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आम लोगों की सुरक्षा को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अधिकारियों को प्रदेश में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

धामी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान धामी के साथ प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जोशी की अंत्येष्टि में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि महान पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

जोशी की मौत के बाद पुलिस अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि चार अन्य की तलाश की जा रही है।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब