पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी मृत पाई गईं, घरेलू सहायिका संदेह के घेरे में

पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी मृत पाई गईं, घरेलू सहायिका संदेह के घेरे में

पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी मृत पाई गईं, घरेलू सहायिका संदेह के घेरे में
Modified Date: August 4, 2026 / 03:50 pm IST
Published Date: August 4, 2026 3:50 pm IST

चंडीगढ़, चार अगस्त (भाषा) हरियाणा के पंचकूला में सेना के एक सेवानिवृत्त कप्तान की पत्नी का शव एक मकान की छत से बरामद हुआ है। पुलिस को संदेह है कि हत्या के पीछे दंपति की घरेलू सहायिका का हाथ हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय नीरा मेहता का शव सेक्टर-21 स्थित एक मकान की छत से बरामद किया गया। इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त सेना कप्तान मनमोहन अपनी पत्नी के साथ सेक्टर-21 में रहते हैं, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं।

पुलिस को सोमवार शाम मनमोहन की शिकायत मिली, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर नहीं लौटी हैं।

शिकायत के अनुसार, घर से आभूषण गायब होने के बाद नीरा को शक था कि नौकरानी सुनीता ने चोरी की है। इसी सिलसिले में वह उससे पूछताछ करने के लिए पास के एक मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाली सुनीता के घर गई थीं।

जब नीरा काफी देर तक वापस नहीं लौटीं तो उनके पति ने पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस जब सुनीता के घर पहुंची तो वह बंद मिला। इसके बाद पुलिस पड़ोसी मकान के रास्ते अंदर दाखिल हुई।

उन्होंने बताया, ‘शव उसी मकान की छत से बरामद हुआ, जहां सुनीता रहती थी। शव को टाइलों के पीछे छिपाकर रखा गया था।’

गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका संबंधी सवाल पर थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

उन्होंने बताया कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में