कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में आरजी कर अस्पताल मामले की पीड़िता की मां ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह भाजपा उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं, और उनका उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने के लिए राजनीतिक मार्ग अपनाना है।
अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में 31 वर्षीय डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले ने देशव्यापी आक्रोश पैदा कर दिया था। घटना के विरोध में राज्य भर में डॉक्टरों और नागरिक समाज समूहों द्वारा लंबे समय तक प्रदर्शन किए गए थे।
दिवंगत डॉक्टर की मां ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें उत्तर 24 परगना के पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है, और भाजपा द्वारा जल्द ही जारी की जाने वाली उम्मीदवारों की दूसरी सूची में उनका नाम शामिल हो सकता है।
पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें पहले भाजपा से प्रस्ताव मिला था, लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत पहले भाजपा से (चुनाव लड़ने का) प्रस्ताव मिला था, लेकिन तब मैं मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। कल मैंने इसे स्वीकार करने और चुनाव लड़ने का फैसला किया क्योंकि मैं गृह मंत्री के शासन को समाप्त करना चाहती हूं।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए यह बात कही, जिनके पास गृह विभाग का प्रभार भी है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी बेटी के लिए न्याय सुनिश्चित करने और इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीति में प्रवेश कर रही हूं।’’
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने हाल ही में पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता से मुलाकात की थी।
भाषा शफीक नरेश
नरेश