तैराकी को लेकर रीजीजू और खेडा के बीच वार-पलटवार
तैराकी को लेकर रीजीजू और खेडा के बीच वार-पलटवार
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू द्वारा अरुणाचल प्रदेश की एक नदी में तैरते हुए अपना वीडियो साझा करने और तैराकी की तकनीक को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हुई तुलना पर अपना बचाव करने के बाद शुरू हुआ मामला अब राजनीतिक वार-पलटवार का कारण बन चुका है।
रीजीजू ने अपनी तैराकी की तकनीक पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए अपनी पोस्ट में राहुल गांधी का जिक्र किया। इस पर कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा ने रीजीजू पर कटाक्ष किया और कहा कि केंद्रीय मंत्री नेता प्रतिपक्ष का उल्लेख किए बिना ‘‘अर्धनग्न होकर तैरने’’ भी नहीं जा सकते।
रीजीजू ने इसके जवाब में कटाक्ष करते हुए कहा कि वह खेड़ा के ‘‘अनुशासनहीन आचरण’’ की शिकायत असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से करेंगे।
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रिय पवन खेड़ा, अगर आप अर्धनग्न होकर तैरने की बात करेंगे तो मैं आपके अनुशासनहीन आचरण की शिकायत मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा जी से करूंगा। क्या आप पूरे सूट और कोट में तैरते हैं?’’
खेड़ा और शर्मा के बीच पिछले कुछ महीनों के दौरान कई बार राजनीतिक टकराव हो चुका है। हाल में असम विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता द्वारा शर्मा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बाद प्राथमिकी दर्ज हुई थी और मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंचा था, जो उच्चतम न्यायालय तक गया।
वर्ष 2023 में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर खेड़ा को दिल्ली हवाई अड्डे पर एक विमान से उतार दिया गया था और असम पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में उच्चतम न्यायालय ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की थी।
भाषा हक हक माधव
माधव

Facebook


