दिल्ली में संदिग्ध उग्रवादियों से जुड़े रॉकेट लॉन्चर नियंत्रित अभियान में नष्ट किए गए
दिल्ली में संदिग्ध उग्रवादियों से जुड़े रॉकेट लॉन्चर नियंत्रित अभियान में नष्ट किए गए
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके में सेना, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की संयुक्त टीम द्वारा एक अभियान जारी है, जिसमें मणिपुर में गिरफ्तार किए गए दो संदिग्ध उग्रवादियों से जुड़े मामले में बरामद रॉकेट लॉन्चर नष्ट किये जा रहे हैं। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, बरामद हथियारों को जांच और निस्तारण के लिए दिल्ली लाया गया था। सूत्रों ने बताया कि ये हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के उस जखीरे का हिस्सा थे, जिसे मामले के सिलसिले में मणिपुर में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान बरामद किया गया था।
उन्होंने बताया कि बरामद सामग्री में राइफल, सैकड़ों कारतूस, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल थी। सूत्रों ने कहा कि विशेष प्रशिक्षित दल इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं और बरामद हथियारों को नियंत्रित तरीके से नष्ट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इलाके के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


