हैदराबाद, 17 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत 26 जुलाई को यहां महिला बुद्धिजीवियों के साथ ‘युगानुकूल मातृत्व’ विषय पर आयोजित संवाद सत्र में भाग लेंगे। महिला सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले एक संगठन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विश्वमांगल्य सभा की राष्ट्रीय संगठन सचिव वृषाली जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह संगठन महिला सशक्तीकरण, परिवारों को मजबूत बनाने, मातृत्व और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में पिछले 16 वर्ष से काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भागवत हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम को 26 जुलाई को संबोधित करेंगे और दक्षिणी राज्यों की प्रतिभागियों के साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे।
जोशी ने कहा कि विश्वमांगल्य सभा ‘न मातुः परदैवतम्’ (मां से बढ़कर कोई देवता नहीं) के ध्येय वाक्य के साथ काम करती है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में करीब छह लाख महिलाएं संगठन से जुड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को कामकाजी और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाने, बच्चों को पर्याप्त समय देने तथा परंपरा और आधुनिकता के बीच तालमेल कायम रखने सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
भाषा सिम्मी पवनेश
पवनेश