नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अपने देश में भारत-विरोधी बयानबाजी की घटनाएं बढ़ने के आरोपों को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।
यह बयान उस विवाद की पृष्ठभूमि में आया, जो रविवार को एक पत्रकार के सवाल पर रूबियो की प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शुरू हुआ। पत्रकार ने अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लभेद के मामलों पर सवाल पूछा था।
हालांकि पत्रकार ने साफ नहीं किया, लेकिन कई लोगों ने इसे ट्रंप की उन टिप्पणियों से जोड़कर देखा जिनमें उन्होंने भारत और चीन को ‘‘नरक’’ कहा था और वह दोनों देशों के लोगों पर अमेरिका की जन्मजात नागरिकता के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए नजर आए।
अमेरिका के विदेश मंत्री द्विपक्षीय संबंधों को फिर से पटरी पर लाने के उद्देश्य से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। भारत और अमेरिका के संबंधों में पिछले साल के मध्य से तनाव देखा जा रहा है।
रूबियो ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। अगर राष्ट्रपति नहीं चाहते, तो मैं यहां नहीं होता। वह सर्जियो (गोर) जैसे किसी व्यक्ति को हमारा राजदूत नहीं बनाते, जो राष्ट्रपति के बेहद करीबी हैं।’’
रूबियो ने यह बात आज सुबह उस समय कही, जब एक पत्रकार ने विवाद को लेकर सवाल पूछा और यह इशारा किया कि रविवार को पत्रकार ने शायद ट्रंप की भारतीयों के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणियों का जिक्र किया।
अहम बात यह है कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने नस्लभेद वाले सवाल पर रूबियो की प्रतिक्रिया को अन्य टिप्पणियों के साथ ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, लेकिन कुछ घंटे बाद वह सवाल वहां से हटा दिया गया।
रूबियो ने कहा कि उन्होंने पत्रकार से सीधे पूछा कि वह किसकी बात कर रहे हैं, लेकिन पत्रकार ने कोई जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘असल बात यह है कि आजकल आप इंटरनेट पर जाइए तो लोग तरह-तरह की बेतुकी बातें करते दिखते हैं। मुझे तो पता भी नहीं कि वे असली लोग हैं या कौन हैं।’’
रूबियो ने संकेत दिया कि उन्हें लगा कि पत्रकार इंटरनेट पर लोगों की टिप्पणियों की बात कर रहे थे।
पत्रकार ने पूछा था, ‘‘अमेरिका की ओर से भारतीयों और भारतीय-अमेरिकियों के खिलाफ लगातार नस्लभेदी टिप्पणियां की जा रही हैं। आप जानते हैं कि यह भारत-अमेरिका संबंधों की बुनियाद के खिलाफ है। आप इस पर क्या कहेंगे?’’
जब रूबियो ने पूछा कि वह किसकी बात कर रहे हैं, तो पत्रकार ने कहा, ‘‘हम सबने वे टिप्पणियां देखी हैं। हमने उन टिप्पणियों का समर्थन होते देखा है।’’
इस सवाल के जवाब में रूबियो ने कहा कि ‘‘हर देश में मूर्ख लोग होते हैं।’’
भाषा
खारी वैभव
वैभव