सचिन पायलट की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ‘नयी उम्मीद’ जगी: चन्नी

Ads

सचिन पायलट की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ‘नयी उम्मीद’ जगी: चन्नी

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 10:24 PM IST

चंडीगढ़, नौ सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने के पार्टी आलाकमान के फैसले पर बुधवार को खुशी जाहिर की।

चन्नी ने पायलट को एक “अच्छा नेता” बताते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से पंजाब में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में “नयी उम्मीद” जगी है।

वहीं, पार्टी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि न ही उन्होंने और न ही चन्नी ने कभी भी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने की मांग की।

रंधावा की यह टिप्पणी पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह और गुटबाजी की खबरों के बीच आई है।

पायलट को पंजाब का प्रभारी महासचिव बनाए जाने के बाद रंधावा, चन्नी और गुरदासपुर से विधायक बरिंदरमीत सिंह पहरा ने बुधवार को दिल्ली में उनसे मुलाकात की।

चन्नी ने दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पंजाब के लोग पायलट को पसंद करते हैं, जो पड़ोसी राज्य से आते हैं।

उन्होंने कहा, “पायलट के आने से पंजाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नयी उम्मीद जगी है और इससे हमें फायदा होगा। एक अच्छा नेतृत्व मिला है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी नेता एकजुट होंगे, चन्नी ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान जिस तरह के फैसले ले रहा है, उससे पंजाब में पार्टी के पक्ष में अच्छा माहौल बन रहा है।

एक और सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “पायलट एक अच्छे नेता हैं और वह हम सभी को साथ लेकर चलने में सक्षम हैं।”

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति से जुड़े सवाल पर चन्नी ने कहा, “किसे अध्यक्ष या प्रभारी बनाना है, किसे बदलना है या किसे नहीं बदलना है, यह हमारे हाथ में नहीं है। यह फैसला पार्टी आलाकमान का होता है। वे जो भी फैसला करते हैं, हम उसे मानते हैं।”

रंधावा ने भी अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाए जाने की मांग करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “हमने आपसे कब कहा कि पीपीसीसी (पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के अध्यक्ष को बदला जाए? क्या किसी ने ऐसी मांग की? ऐसी बात न कहें। क्या चन्नी साहब, मैंने या किसी नेता ने पीपीसीसी अध्यक्ष को बदलने की मांग की?”

भाषा पारुल अविनाश

अविनाश