नयी दिल्ली, 9 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में वांछित दो इनामी अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी नितिक (24) और हरियाणा के चरखी दादरी निवासी दीपक कुमार उर्फ दीप पहलवान (25) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों के पैर में गोली लगी है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि नितिक और दीपक की सूचना देने पर 50,000-50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि तीनों हिमांशु भाऊ गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीन सितंबर को नरेला थाने में सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है।
पुलिस टीम घटनास्थल, नरेला के बाकनेर गांव स्थित सड़क के एक हिस्से पर पहुंची, जहां उन्हें पीड़ित सोनीपत निवासी प्रमोद खून से लथपथ पड़ा मिला और उसके आसपास कारतूस के कई खोखे मिले।
पुलिस ने बताया कि हत्यारों की तलाश शुरू की गई, जिसमें सोनीपत पुलिस की एक टीम भी शामिल हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि आठ सितंबर को टीम को सूचना मिली कि हत्या में शामिल तीन लोग हथियारों के साथ एक मोटरसाइकिल पर रोहिणी के सेक्टर 23/24 में दहिया बादशाह मार्ग के पास आएंगे।
उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी के दौरान, पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर तीन लोगों को आते देखा और उसे रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रोक लिया गया और गाड़ी का संतुलन बिगड़ने के कारण वे जमीन पर गिर पड़े।
अधिकारी ने कहा, ‘आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने पहले हवा में दो चेतावनी गोलियां चलाईं, लेकिन जब गोलीबारी जारी रही, तो उन्होंने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।’
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी स्थल से तीन पिस्तौल, चार कारतूस और पुलिस टीम पर चलाए गए कारतूस के 11 खोल बरामद किए गए। मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया।
दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव