शिलांग, 24 जून (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने हाल में फ्रांस में हुए जी7 शिखर सम्मेलन में राज्य की जीआई-टैग वाली लाकाडोंग हल्दी को दुनिया के सामने पेश करने के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की।
संगमा ने कहा कि इस कदम से मेघालय की समृद्ध कृषि विरासत और वहां के किसानों की मेहनत पर दुनिया का ध्यान गया है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री, मेघालय के इस ‘सुनहरे मसाले’ को दुनिया के सामने लाने और हमारे किसानों की समृद्ध कृषि विरासत व क्षमता को उजागर करने के लिए आपका धन्यवाद।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक नेताओं के सामने पेश किए जाने के बाद, मेघालय के इस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर मसाले को वैश्विक मंच पर पहचान मिली है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इसका स्वागत किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि जी7 शिखर सम्मेलन में लाकाडोंग हल्दी की मौजूदगी भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र के बेहतरीन उत्पादों के लिए बढ़ती वैश्विक सराहना को दर्शाती है और मेघालय के किसान समुदाय की क्षमता को रेखांकित करती है।
मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स जिले में मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा उगाई जाने वाली लाकाडोंग हल्दी अपनी बहुत अधिक करक्यूमिन मात्रा के लिए जानी जाती है। इसे ‘भौगोलिक संकेतक’ (जीआई) का दर्जा मिला है, जिससे यह राज्य के सबसे मशहूर कृषि उत्पादों में से एक बन गई है।
भाषा अमित नरेश
नरेश