कोट्टायम (केरल), 15 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए वी डी सतीशन निश्चित रूप से एक अच्छे मुख्यमंत्री साबित होंगे क्योंकि उनके पास इसके लिए दूरदर्शिता, क्षमता और शक्ति है।
राधाकृष्णन ने यह भी कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए एक ‘‘टीम’’ होना जरूरी है और इस टीम का गठन ‘‘कप्तान’’ द्वारा केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से किया जाना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘मुझे बस इतना ही कहना है कि टीम में ऐसे योग्य लोग होने चाहिए जो कुशलतापूर्वक काम करने के लिए प्रतिबद्ध हों।’’
उन्होंने कहा कि टीम बनाने वालों को यह ध्यान रखना चाहिए कि जनता को सरकार से बहुत अधिक उम्मीदें हैं और उन्हें दूसरों द्वारा किए जा रहे विभिन्न दावों से प्रभावित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने यहां एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की भारी जीत के बाद लोगों को सरकार से काफी उम्मीदें हैं और इसलिए उन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए एक संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तभी लोगों में यह भाव आएगा कि नया केरल बनेगा। अगर पिछली सरकार की ही तरह शासन हुआ तो जनता की उम्मीदें प्रभावित होंगी। यह हमारे हित में नहीं होगा।’’
भाषा सुरभि शोभना
शोभना