मथुरा में तैनात हुई एसडीआरएफ की स्थाई प्लाटून, आपदा में मिलेगी तत्काल मदद

Ads

मथुरा में तैनात हुई एसडीआरएफ की स्थाई प्लाटून, आपदा में मिलेगी तत्काल मदद

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 12:58 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 12:58 PM IST

मथुरा (उप्र), 15 मई (भाषा) मथुरा-वृन्दावन में 10 अप्रैल को यमुना में मोटरबोट पलटने से 16 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने मथुरा में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक स्थाई प्लाटून तैनात कर दी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि यह प्लाटून किसी भी आपात स्थिति में 24 घंटे राहत और बचाव कार्य करेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि प्लाटून में 36 जवान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पहले आपदा के समय एसडीआरएफ की टीम लखनऊ और गाजियाबाद से बुलानी पड़ती थी, जिससे राहत पहुंचने में देरी होती थी। अब जिले में ही टीम उपलब्ध होने से प्रतिक्रिया तेज होगी।

उन्होंने कहा कि केसी घाट हादसे ने स्थानीय आपदा प्रबंधन की कमियों को उजागर किया था। मानसून में यमुना में बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने में यह प्लाटून स्थानीय पुलिस के साथ मुख्य भूमिका निभाएगी।

एसडीआरएफ के जवान बाढ़, डूबने, भूकंप और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के लिए विशेष प्रशिक्षित हैं। यह कदम मथुरा के स्थानीय लोगों और लाखों तीर्थयात्रियों के लिए बेहद मददगार होगा।

भाषा सं आनन्द मनीषा

मनीषा