न्यायालय ने एससीबीए चुनाव परिणामों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर विचार करने से किया इनकार

Ads

न्यायालय ने एससीबीए चुनाव परिणामों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर विचार करने से किया इनकार

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 06:04 PM IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन (एससीबीए) कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव परिणामों को चुनौती देने वाले छह उम्मीदवारों की याचिकाओं पर विचार करने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ताओं से वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता की अध्यक्षता वाली चुनाव समिति के पास जाने को कहा।

इस मामले का उल्लेख पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए किया गया था। पीठ ने कहा, ‘‘हम केवल उल्लेख के आधार पर चुनाव विवाद पर फैसला नहीं कर सकते। आप उचित प्राधिकार के पास जा सकते हैं।’’

उम्मीदवारों की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि वे पहले ही संबंधित प्राधिकार के पास जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि यदि शीर्ष अदालत की ओर से कोई आदेश पारित किया जाता है तो उसका महत्व होगा।

वकील ने कहा, ‘‘हम अनुशासन बनाए रख रहे हैं। हम न तो एससीबीए कार्यालय के बाहर और न ही इस अदालत के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं। हम केवल अपनी शिकायत रख रहे हैं।’’

हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने कहा कि सभी याचिकाओं को विचार के लिए चुनाव प्राधिकार के समक्ष रखा जा सकता है।

अठारह अगस्त को एससीबीए चुनाव में कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ने वाले छह उम्मीदवारों ने चुनाव परिणामों को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय का रुख किया। उन्होंने मतपत्रों की दोबारा गिनती कराने का अनुरोध किया और आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान धांधली की गई।

याचिका में इस पद के चुनाव परिणाम को रद्द करने और एससीबीए चुनाव समिति की निगरानी में मतपत्रों की दोबारा गिनती कराने का अनुरोध किया गया।

याचिकाकर्ताओं स्मृति कुमारी, श्वेता सिन्हा, शहला चौधरी, सुंदरी, सचिन पाहवा और कृष्ण कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई और जिस तरीके से मतों की गिनती की गई, उससे कुछ उम्मीदवारों को अनुचित लाभ मिला।

वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय एससीबीए के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

अध्यक्ष पद के चुनाव में राय को 822 वोट मिले। अन्य उम्मीदवारों में अनुपम लाल दास को 451 वोट, आदिश अग्रवाल को 412 वोट, गौरव भाटिया को 370 वोट, सुकुमार पट्टजोशी को 269 वोट, सिद्धार्थ मृदुल को 217 वोट और महालक्ष्मी पवानी को 128 वोट मिले।

वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल कौशिक एससीबीए के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि अधिवक्ता प्रज्ञा बघेल को सचिव चुना गया। अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार सिंह कोषाध्यक्ष और अधिवक्ता मनीष दुबे संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए।

भाषा आशीष माधव

माधव