देवघर, एक सितंबर (भाषा) झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार को एक स्कूल वाहन और पिकअप वैन की आमने-सामने की टक्कर होने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह चितरा थाना क्षेत्र में सारठ-चितरा मुख्य मार्ग पर नारंगी मोड़ के पास उस समय हुआ जब स्कूल वाहन बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रहा था।
उसने बताया कि इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन विपरीत दिशा से आई और स्कूल वाहन से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान इसी थाना क्षेत्र के मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है।
सारठ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुजीबुर अंसारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘घायलों में दो लड़के और दो लड़कियां हैं। चारों का देवघर सदर अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।’’
एसडीपीओ ने बताया कि स्कूल वाहन में कम से कम 10 बच्चे सवार थे और सभी की उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच थी।
उन्होंने बताया कि पिकअप वैन का चालक मौके से फरार हो गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिकअप वैन के चालक को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश