राजौरी में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तीसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी
राजौरी में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तीसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी
जम्मू, चार अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के कालाकोट के वन क्षेत्र में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
आतंकवादियों के साथ सोमवार को मुठभेड़ में सेना के दो जवानों के घायल हो गए थे, जिसके बाद यह अभियान शुरू किया गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘सुरक्षाबलों और पुलिस द्वारा इलाके में तलाशी अभियान जारी है। हालांकि, ताजा संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।’’
उन्होंने कहा कि निगरानी रखने के साथ-साथ वन क्षेत्रों में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों का पता लगाने के लिए प्रौद्योगिकी और निगरानी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद सोमवार को कालाकोट में ब्रोह और सूम वन क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में सैनिकों पर गोलीबारी की, सैनिकों द्वारा जवाबी कार्रवाई भी की गई। इसमें सेना के दो जवान घायल हो गए।
इसके बाद, सभी भागने के संभावित मार्गों को बंद करने तथा क्षेत्र के चारों ओर घेरा मजबूत करने के लिए और सुरक्षा बल भेजे गए।
पीर पंजाल घाटी के राजौरी और पुंछ सीमावर्ती जिलों में इस साल आतंकवादी गतिविधियां बढ़ी हैं।
भाषा खारी ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र

Facebook


