जम्मू-कश्मीर के सांबा में दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया

जम्मू-कश्मीर के सांबा में दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया

जम्मू-कश्मीर के सांबा में दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया
Modified Date: April 12, 2026 / 03:11 pm IST
Published Date: April 12, 2026 3:11 pm IST

जम्मू, 12 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट एक गांव में दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान पांगदौर, एसआईडीसीओ वन और आसपास के क्षेत्रों, जिनमें बसंतर नाला भी शामिल है, में जारी है।

अधिकारियों ने कहा कि शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे पांगदौर में एक पशु फार्म के ‘केयरटेकर’ ने दो अज्ञात व्यक्तियों की हलचल देखी, जिसके बाद पुलिस और सेना ने तुरंत कार्रवाई की।

अधिकारियों ने हालांकि बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों का पता नहीं लगाया जा सका। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की एक टीम ने देर रात लगभग डेढ़ बजे उन्हीं व्यक्तियों को एसआईडीसीओ जंगल की ओर जाते हुए देखा और उन्हें चुनौती दी, लेकिन वे भाग निकले।

उन्होंने बताया कि पुलिस और सेना से अतिरिक्त बल घटनास्थल पर पहुंचे और गहन तलाशी अभियान के लिए वन क्षेत्र को घेर लिया। उन्होंने बताया कि अभियान अंतिम सूचना मिलने तक जारी था।

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ भी पांगदौर से सटे बसंतर नाले पर केंद्रित तलाशी अभियान में शामिल हो गई है।

भाषा देवेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में