पुरी (ओडिशा), तीन जून (भाषा) ब्रिक्स के आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की दूसरी तकनीकी बैठक बुधवार को यहां शुरू हुई, जिसमें 11 सदस्य देशों में आपदा शमन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
यह बैठक पांच जून तक चलेगी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी बृहस्पतिवार को इस बैठक में शामिल होंगे।
ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, ‘‘भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स के आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डीआरआर) कार्य समूह की यह पहली प्रत्यक्ष तकनीकी बैठक है। इससे पहले भारत ने 29-30 अप्रैल को ब्रिक्स डीआरआर कार्य समूह की पहली तकनीकी बैठक की अध्यक्षता डिजिटल माध्यम से की थी।’’
मंत्री ने बताया कि ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के नीति-निर्माता तथा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ इस बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। ओडिशा में इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विचार-विमर्श का केंद्र बिंदु सतत आपदा जोखिम न्यूनीकरण वित्तपोषण, लचीला बुनियादी ढांचा, पूर्वानुमान आधारित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा आपदा-रोधी रणनीतियों में पारंपरिक ज्ञान के समावेशन जैसे विषय होंगे।
ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। इसका 2024 में विस्तार कर इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया जबकि इंडोनेशिया 2025 में इसमें शामिल हुआ।
एक अधिकारी ने बताया कि बैठक के एजेंडे में समुदाय आधारित आपदा जोखिम न्यूनीकरण शासन व्यवस्था, आपदा जोखिम वित्तपोषण, कई खतरे होने की स्थिति में पूर्व चेतावनी प्रणाली, जलवायु-अनुकूल बुनियादी ढांचा, प्रकृति-आधारित और स्वदेशी समाधान, तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा शामिल है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तीन से पांच जून तक पुरी में ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की दूसरी तकनीकी बैठक की मेजबानी करना ओडिशा के लिए गर्व की बात है। यह महत्वपूर्ण आयोजन आपदा तैयारी, आपदा-प्रतिरोधक क्षमता और प्रभावी आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ओडिशा के नेतृत्व को मिल रही वैश्विक मान्यता को दर्शाता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बैठक ओडिशा के विश्वप्रसिद्ध आपदा प्रबंधन मॉडल और सुदृढ़ समुदायों के निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ की नगरी पुरी में ब्रिक्स देशों से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करता हूं और मुझे विश्वास है कि यह सम्मेलन सहयोग को और मजबूत करेगा तथा वैश्विक स्तर पर आपदा-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देगा।’’
ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘पुरी को ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की बैठक की मेजबानी करते हुए देखकर गर्व हो रहा है।’’
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए इस आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
भाषा गोला रंजन
रंजन