जम्मू कश्मीर के रियासी में प्रमुख प्रतिष्ठान की सुरक्षा की समीक्षा की गई

Ads

जम्मू कश्मीर के रियासी में प्रमुख प्रतिष्ठान की सुरक्षा की समीक्षा की गई

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 04:48 PM IST

जम्मू, 21 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे मेहराब पुल सहित कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की मंगलवार को एक उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान समीक्षा की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुकुंद तिबरेवाल ने अरनास उपमंडल में चिनाब पुल, दुग्गा रेलवे स्टेशन और सावलकोट जलविद्युत परियोजना की व्यापक सुरक्षा समीक्षा की।

एसएसपी ने कौड़ी और बक्कल को जोड़ने वाले चिनाब पुल पर और इसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ बातचीत की। उन्होंने आसपास के गांवों तथा वन क्षेत्रों पर प्रभावी संयुक्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए मजबूत अंतर-एजेंसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि तिबरेवाल ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त प्रवेश नियंत्रण उपायों और आधुनिक निगरानी प्रणालियों के उपयोग पर भी जोर दिया।

अधिकारी ने दुग्गा स्टेशन और सवालाकोटे में तैनात सुरक्षा कर्मियों और ग्राम रक्षा समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत की।

एसएसपी ने धंसल पुलिस चौकी और अरनास थाने का भी दौरा किया।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश