हरियाणा: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का निधन

हरियाणा: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का निधन

हरियाणा: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का निधन
Modified Date: July 20, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: July 20, 2026 7:34 pm IST

यमुनानगर, 20 जुलाई (भाषा) सढौरा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजपाल भूखड़ी का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे।

भूखड़ी ने वर्ष 2009 से 2014 के बीच यमुनानगर जिले के सढौरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। पार्टी नेताओं ने बताया कि नारायणगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव भूखड़ी में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

उन्हें पार्टी के भीतर एक प्रखर नेता माना जाता था और वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के करीबी माने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।

कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी नेता के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

सुरजेवाला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में कहा, ‘‘हरियाणा के सढौरा से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी जी का सुबह अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने एक समर्पित साथी को खो दिया है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उनका जीवन कांग्रेस के प्रति समर्पण और उसकी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। ईश्वर उनके परिजनों को यह क्षति सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को सदगति प्रदान करें।’’

कांग्रेस महासचिव और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने पूर्व विधायक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह खबर अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाली है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘हरियाणा कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ नेता एवं सढौरा के पूर्व विधायक श्री राजपाल भुखड़ी जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है।

लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘उनका सार्वजनिक जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने एक समर्पित साथी को खो दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार और उनके समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में