कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई का निधन
Modified Date: June 6, 2025 / 10:46 pm IST
Published Date: June 6, 2025 8:50 pm IST

तिरुवनंतपुरम, छह जून (भाषा) केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वह 95 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे।

पिल्लई कुछ वर्षों से राजनीति से दूर थे। वह दो बार विधायक और तीन बार राज्यसभा सदस्य रह चुके थे।

दक्षिणी कोल्लम जिले के शूरनद में 11 मार्च 1930 को एक संपन्न परिवार में जन्मे पिल्लई ने कांग्रेस वार्ड समिति के अध्यक्ष के रूप में युवावस्था में ही अपना राजनीतिक जीवन शुरू कर दिया था।

पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने बाद के वर्षों में कोल्लम में कांग्रेस की जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) का नेतृत्व करने से पहले ब्लॉक समिति और निर्वाचन क्षेत्र समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

उन्होंने पांच विधानसभा चुनाव लड़े और 1977 और 1982 में दो बार राज्य विधानसभा में अडूर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने संसद के ऊपरी सदन (राज्यसभा) में भी तीन बार केरल का प्रतिनिधित्व किया।

उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को एक साधारण इंसान के रूप में याद किया, जिन्होंने दशकों तक लोगों की समर्पित सेवा की।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और उन्हें उनके बेदाग राजनीतिक करियर के लिए जाना जाता था।’

अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पिल्लई को एक ‘सम्मानित और सज्जन राजनेता’ बताया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने याद दिलाया कि पिल्लई कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों प्रतिबद्धता, विनम्रता और अखंडता के प्रतीक थे।

उन्होंने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष के रूप में उनकी विनम्रता, संगठनात्मक कौशल और सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट समर्पण ने उन्हें सम्मान दिलाया। हमने एक सिद्धांतवादी नेता खो दिया है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने परवूर में संवाददाताओं से कहा कि थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई राज्य में पार्टी के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक थे और उनके निधन से कांग्रेस ने एक मार्गदर्शक खो दिया है।

पूर्व रक्षा मंत्री ए के एंटनी, विभिन्न राज्य मंत्रियों, विधायकों और सांसदों, एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल और अन्य नेताओं ने दिग्गज नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।