वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग एनसीआरबी प्रमुख नियुक्त, आलोक मित्तल होंगे बीपीआरडी महानिदेशक
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग एनसीआरबी प्रमुख नियुक्त, आलोक मित्तल होंगे बीपीआरडी महानिदेशक
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग और आलोक कुमार मित्तल को सोमवार को क्रमशः राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरडी) का प्रमुख नियुक्त किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारी गर्ग, वर्तमान में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक हैं।
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने गर्ग की एनसीआरबी के निदेशक के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी। वह अपना नया कार्यभार संभालने की तारीख से लेकर अपनी सेवानिवृत्ति की तारीख, यानी 31 अक्टूबर 2027 तक इस पद पर रहेंगे।
आदेश के अनुसार, गर्ग के ही बैच के और हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी मित्तल को पद संभालने की तारीख से लेकर उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख 30 जून 2029 तक पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडे सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के नये निदेशक होंगे और उन्हें इस पद पर उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जुलाई 2028 तक के लिए नियुक्त किया गया है।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


