वरिष्ठ अफसरों को पुलिस नियमावली के अनुरूप हर थाने का निरीक्षण करना चाहिए: कर्नाटक के मुख्यमंत्री

Ads

वरिष्ठ अफसरों को पुलिस नियमावली के अनुरूप हर थाने का निरीक्षण करना चाहिए: कर्नाटक के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - July 6, 2024 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 6, 2024 / 08:15 PM IST

बेंगलुरू, छह जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि पुलिस नियमावली के अनुसार पुलिस अधीक्षक (एसपी), पुलिस उपाधीक्षक (डीसीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्तर के अधिकारियों को अनिवार्य तौर पर अपने क्षेत्राधिकार वाले प्रत्येक पुलिस थाने का निरीक्षण करना चाहिए।

बेंगलुरु में 2024 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि जुआ, सट्टेबाजी और मादक पदार्थों की रोकथाम में विफलता के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

एसपी और आईजी स्तर के अधिकारियों से कहा गया कि अगर वे नियमित रूप से प्रत्येक थाने का दौरा और निरीक्षण करें तो इसे टाला जा सकता है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘एसपी और आईजी को कल से ही थानों का दौरा करना चाहिए।’

उन्होंने फर्जी खबरों के प्रसार के खिलाफ भी आगाह किया।

उन्होंने कहा, ‘फर्जी खबरें समाज में शूल बन गई हैं। ये तेजी से बढ़ रही हैं। हमने इन्हें रोकने के लिए ‘फैक्ट चेक’ इकाइयां बनाई हैं। हालांकि फर्जी खबरें बढ़ रही हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दर्ज करने और बिना किसी हिचकिचाहट के सख्त कार्रवाई करने के लिए और अधिक सहज होने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पिछले एक वर्ष में राज्य में सांप्रदायिक दंगों के बिना कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृहमंत्री जी परमेश्वर और कर्नाटक पुलिस को बधाई भी दी।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश