सेंथिल बालाजी द्रमुक के लिए ‘अप्रिय स्थिति’ का कारण बनेंगे: पलानीस्वामी

सेंथिल बालाजी द्रमुक के लिए ‘अप्रिय स्थिति’ का कारण बनेंगे: पलानीस्वामी

सेंथिल बालाजी द्रमुक के लिए ‘अप्रिय स्थिति’ का कारण बनेंगे: पलानीस्वामी
Modified Date: April 2, 2026 / 10:45 am IST
Published Date: April 2, 2026 10:45 am IST

(फाइल फोटो के साथ)

पुडुकोट्टई (तमिलनाडु), दो अप्रैल (भाषा) अन्‍ना द्रमुक के प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी ने कहा है कि तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के लिए ‘‘अप्रिय स्थिति’’ का कारण बनेंगे जिससे पार्टी को चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

पुडुकोट्टई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष के नेता ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की कथित तौर पर नौकरी के बदले नकद घोटाले में शामिल सेंथिल बालाजी की प्रशंसा करने के लिए कड़ी आलोचना की।

पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘स्टालिन, सेंथिल बालाजी की प्रशंसा कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्हें विधानसभा चुनाव के नतीजों की चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि करूर में सेंथिल बालाजी की मौजूदगी से जीत सुनिश्चित हो जाती है। लेकिन सेंथिल बालाजी ही मुख्यमंत्री और उनकी द्रमुक के लिए अप्रिय स्थिति का कारण बनेंगे।’’

पलानीस्वामी ने कहा कि यह वही स्टालिन हैं जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष रहते हुए बालाजी की आलोचना की थी और अब उन्होंने अपना रुख बदल लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘10 रुपये का जिक्र होते ही सेंथिल बालाजी की याद आ जाती है।’’ उन्होंने शराब घोटाले में बालाजी की कथित संलिप्तता को लेकर पार्टी द्वारा उन पर किए जाने वाले लगातार कटाक्षों का जिक्र किया।

हाल में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) में शामिल हुए और अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र बोदिनायकानूर से चुनाव लड़ने के लिए नामांकित हुए निष्कासित नेता ओ पनीरसेल्वम के बारे में टिप्पणी को लेकर पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘छोड़िए, आज के शुभ अवसर पर उनके बारे में बात नहीं करें तो अच्छा है।’’

भाषा सुरभि गोला

गोला


लेखक के बारे में