सेवा संकल्प अभियान : गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया
सेवा संकल्प अभियान : गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया
हालोल (गुजरात), 19 सितंबर (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हालोल स्थित प्राकृतिक कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती से जुड़े संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और जनप्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक बाइक रैली को भी रवाना किया गया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, संघवी ने प्राकृतिक खेती की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू की गई ‘सेवा यात्रा’ के तहत युवाओं और नागरिकों द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान और गोसेवा समेत विभिन्न सेवा कार्यों की भी सराहना की।
विज्ञप्ति में कहा गया कि उपमुख्यमंत्री ने किसानों से अगले महीने कम से कम 25 मिनट स्वैच्छिक श्रमदान कर स्वच्छता अभियान और सेवा गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया।
बाद में संघवी बाइक रैली में शामिल सेवा यात्रियों के साथ पंचमहल जिले पहुंचे और विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों में भाग लिया।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘पंचमहल के घोघंबा बस स्टेशन परिसर पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया और कचरा हटाया।’’
संघवी ने घोघंबा तालुका में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
विज्ञप्ति में संघवी के हवाले से कहा गया, ‘‘धार्मिक और पवित्र तीर्थ स्थलों की स्वच्छता और रखरखाव हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा यात्रा के माध्यम से युवा गांव-गांव में इस तरह के स्वैच्छिक श्रमदान के जरिए संस्कृति के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


