चेन्नई, 30 मई (भाषा) तमिलनाडु के तेनकासी और तिरुनेलवेली जिलों में शुक्रवार को एक गिरोह द्वारा कथित रूप से किए गए हमले में दलित समुदाय के सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, नकाब पहने नौ लोग दोपहिया वाहनों पर सवार होकर शुक्रवार को तेनकासी के नेतूर गांव पहुंचे और उन्होंने लोगों पर दरांतियों से अंधाधुंध हमला कर दिया।
इसने बताया कि तिरुनेलवेली जिले में इसी तरह के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हमलावर वारदात के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। कुल सात लोग घायल हुए हैं और उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) नेता अंबुमणि रामदास ने दलितों पर हमले की इस घटना को लेकर आश्चर्य जताते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार ऐसी हिंसा को ‘‘रोकने में विफल’’ रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रकार की घटनाओं ने दक्षिणी जिलों को लंबे समय तक भय के माहौल में रखा है। ऐसी घटना दोबारा नहीं होने दी जानी चाहिए।’’
रामदास ने मांग की कि जिला प्रशासन प्रभावित गांवों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाए।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल