ओडिशा में भीषण गर्मी: 21 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया
ओडिशा में भीषण गर्मी: 21 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया
भुवनेश्वर, 19 मई (भाषा) ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां मंगलवार को 21 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भुवनेश्वर केंद्र के अनुसार, झारसुगुड़ा मंगलवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद हीराकुड में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी के अनुसार, झारसुगुड़ा के अलावा राजधानी भुवनेश्वर सहित 20 अन्य स्थानों पर दिन के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
अंगुल और संबलपुर शहरों में तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि तालचर और बौध में यह 43 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोनपुर में दिन का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद टिटलागढ़ (42.3) और बलांगीर (42.2) का स्थान रहा। भुवनेश्वर शहर में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बारीपदा, सुंदरगढ़, भवानीपटना, नयागढ़, भद्रक, जाजपुर, बरगढ़, नुआपड़ा, खुर्दा और राउरकेला आदि में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को झारसुगुड़ा, बौध, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, अंगुल और ढेंकनाल जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार दोपहर या शाम के दौरान ओडिशा के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


