राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अगले सप्ताह भी जारी रहने के आसार
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अगले सप्ताह भी जारी रहने के आसार
जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अधिकांश भागों में भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार यह दौर अगले सप्ताह भी जारी रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार इस समय राज्य के कुछ भागों में भीषण गर्मी के बीच उष्ण लहर व ऊष्णरात्रि का दौर जारी है।
इसने बताया कि अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
आईएमडी के अनुसार मंगलवार सुबह तक 24 घंटे की अवधि के दौरान सर्वाधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान जैसलमेर में रहा।
इसने बताया कि राज्य के दक्षिण पश्चिमी भागों में उष्ण लहर (हीटवेव) का दौर आज भी जारी रह सकता है। शेष अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने व उष्ण लहर से आंशिक राहत मिलने की संभावना है।
वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी तीन-चार दिन दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ तेज आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।
इसी तरह मई के पहले सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं उष्ण लहर की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद आंधी चलने का अनुमान है।
भाषा पृथ्वी मनीषा खारी
खारी

Facebook


