एसएफआई ने जामिया में आरएसएस के कार्यक्रम का विरोध किया, मंजूरी वापस लेने की मांग की
एसएफआई ने जामिया में आरएसएस के कार्यक्रम का विरोध किया, मंजूरी वापस लेने की मांग की
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) में एसएफआई की इकाई ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दी गई अनुमति वापस लेने की मांग की है और आरोप लगाया है कि यह आयोजन “सीधा उकसावा” है तथा अल्पसंख्यक छात्रों की गरिमा एवं सुरक्षा के खिलाफ है।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने एक बयान में कहा, “विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरएसएस की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आरएसएस से जुड़े संगठन ‘युवा’ को 28 अप्रैल को हमारे परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी है, जिसकी जेएमआई की एसएफआई इकाई कड़ी निंदा करती है।”
जेएमआई के एक छात्र एवं एसएफआई के सदस्य अतीक उर रहमान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में भी आरएसएस के 100वीं वर्षगांठ के संबंध में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
रहमान ने कहा, “इन कार्यक्रमों का व्यापक रूप से विरोध किया गया है। अब यह कार्यक्रम हमारे विश्वविद्यालय में आयोजित करने की अनुमति दी है और इसे लेकर वैचारिक विभाजन स्पष्ट नजर आता है।”
एसएफआई के बयान में कहा गया है, “ऐसे परिसर में, जहां हजारों अल्पसंख्यक छात्र पढ़ते हैं, आरएसएस की शताब्दी का उत्सव मनाना सीधे तौर पर उकसावा है और उनकी गरिमा एवं सुरक्षा के खिलाफ है।”
एसएफआई ने इस कार्यक्रम की अनुमति तुरंत वापस लेने और प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की कि अनुमति क्यों दी गई।
इस मुद्दे पर जेएमआई प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


