शाह ने ओडिशा में 3,275 करोड़ रुपये की 199 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया

शाह ने ओडिशा में 3,275 करोड़ रुपये की 199 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया

शाह ने ओडिशा में 3,275 करोड़ रुपये की 199 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया
Modified Date: March 6, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: March 6, 2026 10:32 pm IST

(फोटो के साथ)

भुवनेश्वर, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ओडिशा में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभागों में 3,275 करोड़ रुपये की लागत वाली 199 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

राज्य के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान, शाह ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में 1,159 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 2,116 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज ओडिशा की प्रगति और प्रशासनिक सुधार की यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है। माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी की गरिमामय उपस्थिति में, राज्य भर में 3,275 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और आधारशिला रखी गई, जो एक मजबूत और अधिक समृद्ध ओडिशा के निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

शाह ने राज्य के विभिन्न जिलों में 20 साइबर पुलिस थानों, पारादीप में इफको के सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र, 19 आधुनिक ‘अटल बस स्टैंड’, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पीएसी) के लिए सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) और 141 मंडियों (विपणन यार्ड) का उद्घाटन किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने खुर्दा जिले के तंगी में एक दूध प्रसंस्करण संयंत्र और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के ट्रांजिट परिसर का उद्घाटन किया और जिले के जटनी में इसके स्थायी परिसर की आधारशिला रखी।

खुर्दा जिले में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) भुवनेश्वर परिसर की आधारशिला रखी गई।

इस मौके पर विभिन्न परियोजनाओं के विकास के लिए छह समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें बरम्बा सहकारी चीनी मिल का पुनरुद्धार, कटक में एक आइसक्रीम संयंत्र की स्थापना, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय में एक विद्यालय और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की एक शाखा की स्थापना शामिल है।

राज्य सरकार ने गृह विभाग में प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के लिए आईआईटी भुवनेश्वर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस मौके पर, नयी ओडिशा सहकारी नीति-2026 की शुरुआत की गई, जिससे ओडिशा इस तरह की नीति को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

उन्होंने कहा कि बदम्बा सहकारी चीनी मिल के पुनरुद्धार के लिए समझौता ज्ञापन से क्षेत्र में विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।

माझी ने कहा कि इसके अलावा, 20 साइबर पुलिस थानों और 24 पुलिस थानों का उद्घाटन किया गया, जबकि राज्य की पहली केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के स्थायी परिसर की नींव रखी गई।

उन्होंने कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और अमित शाह जी के मार्गदर्शन में, हम किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत हैं। साथ ही ओडिशा को समृद्ध ओडिशा-2036 की ओर अग्रसर करने की दिशा में प्रयासों को गति प्रदान करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में