शाह ने कोलकाता के राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘शब्द संग्रहालय’ का उद्घाटन किया

शाह ने कोलकाता के राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘शब्द संग्रहालय’ का उद्घाटन किया

शाह ने कोलकाता के राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘शब्द संग्रहालय’ का उद्घाटन किया
Modified Date: July 19, 2026 / 03:55 pm IST
Published Date: July 19, 2026 3:55 pm IST

(फाइल फोटो सहित)

कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां राष्ट्रीय पुस्तकालय परिसर में ‘शब्द संग्रहालय’ का उद्घाटन किया। यह जीवंत अनुभव प्रदान करने वाला भारत का पहला भाषा संग्रहालय है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय पुस्तकालय द्वारा विकसित यह संग्रहालय भारत की समृद्ध भाषाई विरासत को समर्पित है। इसमें अत्याधुनिक तकनीक और संवादात्मक प्रस्तुतियों के जरिए देश की मौखिक और लिखित भाषाई परंपराओं के विकास की यात्रा को दर्शाया गया है।

‘शब्दलोक’ नाम से विकसित संग्रहालय का पहला चरण भारत की भाषाई विविधता, विभिन्न लिपियों और समृद्ध साहित्यिक विरासत की विकास यात्रा को दर्शाता है।

पारंपरिक संग्रहालय की तरह केवल वस्तुओं का प्रदर्शन करने के बजाय इसे एक सहभागी सांस्कृतिक अनुभव के रूप में विकसित किया गया है। आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए इसमें डिजिटल डिस्प्ले, होलोग्राम और ‘मोशन-सेंसर’ जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

संग्रहालय में नौ दीर्घाएं हैं, जिनमें भाषाओं के इतिहास के विभिन्न पहलुओं और भारत की सभ्यता एवं संस्कृति पर उनके प्रभाव को प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय का उद्देश्य भाषा को एक जीवंत इकाई के रूप में प्रस्तुत करना है, जिसने समय-समय पर समाज को आकार दिया है और खुद भी समाज के साथ निरंतर विकसित होती रही है।

शब्दलोक भारत की 22 अनुसूचित भाषाओं को समर्पित है। इसमें मौखिक परंपरा से लेकर प्राचीन पांडुलिपियों, मुद्रित पुस्तकों और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक पाठ तक भाषाओं के विकास की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है, जो देश की समृद्ध और स्थायी भाषाई विविधता को दर्शाती है।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में