छात्रों पर ‘बर्बरता’ के लिए शाह को बर्खास्त किया जाए, उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो: राहुल

Ads

छात्रों पर 'बर्बरता' के लिए शाह को बर्खास्त किया जाए, उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो: राहुल

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 07:09 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में विद्यार्थियों के साथ हुई ‘बर्बरता’ के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने विद्यार्थियों पर कथित बलप्रयोग की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में उच्चाधिकार-प्राप्त समिति से जांच कराने की भी मांग की।

राहुल गांधी ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में अपनी बात रखने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि सत्ता पक्ष के सदस्यों को बोलने दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कहा गया कि यदि मैं माफी मांग लूं तो मुझे बोलने दिया जाएगा। पहली बात, मैं भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) या उनसे जुड़े किसी भी व्यक्ति से कभी माफी नहीं मांगूंगा। दूसरी बात, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाना मेरा अधिकार है।’’

राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा दिल्ली की सड़कों पर विद्यार्थियों के साथ हुई कथित बर्बरता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को डराने-धमकाने के लिए बजरंग दल को सक्रिय किया जा रहा है, ताकि वे (विद्यार्थी) दोबारा आवाज न उठा सकें।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को हमारी सलाह है कि अमित शाह को बर्खास्त करें और विद्यार्थियों पर हुई कार्रवाई की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में उच्चाधिकार-प्राप्त समिति से जांच कराई जाए।’’

इससे पहले, विद्यार्थियों पर कथित बलप्रयोग का मुद्दा लोकसभा में उठाते हुए राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यहीन आरोप लगाए हैं और सदन के विशेषाधिकार का उल्लंघन किया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

भाषा हक सुरेश

सुरेश