शांतनु सेन ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया

शांतनु सेन ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया

शांतनु सेन ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया
Modified Date: May 28, 2026 / 03:17 pm IST
Published Date: May 28, 2026 3:17 pm IST

कोलकाता, 28 मई (भाषा) पूर्व राज्यसभा सदस्य और तृणमूल कांग्रेस नेता शांतनु सेन ने बृहस्पतिवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आर जी कर बलात्कार और हत्या मामले तथा संस्थान से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पार्टी की कड़ी आलोचना की।

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पार्षद सेन ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में जनादेश का सम्मान करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

डॉक्टर से नेता बने सेन ने पत्र में पिछले साल कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर से कथित बलात्कार और हत्या की घटना तथा संस्थान से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया।

सेन तृणमूल के उन चुनिंदा नेताओं में से एक थे, जिन्होंने अस्पताल में हुई इस घटना के बाद वहां कथित अनियमितताओं के बारे में खुलकर आवाज उठाई थी। इस घटना के बाद पूरे राज्य और देश भर में व्यापक आक्रोश फैल गया था और भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे।

उनकी टिप्पणियों के बाद उन्हें ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ के लिए तृणमूल से निलंबित कर दिया गया था। सेन को पार्टी प्रवक्ता के पद से भी हटा दिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें बहाल कर दिया गया।

सेन ने बनर्जी को लिखे पत्र में कहा, ‘‘जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए, मैंने राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।’’

हालांकि सेन ने प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन पार्टी नहीं छोड़ी है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल के विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद तृणमूल के भीतर उथल-पुथल मची हुई है। पार्टी के कामकाज और नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर कई नेता अपनी असहमति और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

भाषा आशीष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में