शिवसेना के मंत्री बूढ़े हो गए हैं, अब युवाओं को मौका देना चाहिए : पार्टी विधायक

शिवसेना के मंत्री बूढ़े हो गए हैं, अब युवाओं को मौका देना चाहिए : पार्टी विधायक

शिवसेना के मंत्री बूढ़े हो गए हैं, अब युवाओं को मौका देना चाहिए : पार्टी विधायक
Modified Date: May 29, 2026 / 02:02 pm IST
Published Date: May 29, 2026 2:02 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, 29 मई (भाषा) शिवसेना विधायक संतोष बांगर ने कहा कि पार्टी के मौजूदा मंत्री बूढ़े हो चुके हैं और पार्टी को युवा नेताओं को मौका देना चाहिए, जिससे एकनाथ शिंदे 2029 में फिर मुख्यमंत्री बन सकें।

हिंगोली जिले की कलमनुरी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले बांगर ने यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को पार्टी सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में निकाली गई ‘शिवसंवाद’ यात्रा के दौरान की।

शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बांगर ने पार्टी नेतृत्व से युवा नेताओं को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा मंत्री फोन कॉल का जवाब नहीं देते। इससे पहले नांदेड़ में भी उन्होंने इसी तरह की शिकायत की थी।

किसी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग बूढ़े हो गए हैं और ठीक से बोल, चल या सुन नहीं सकते। मैं यह नहीं कह रहा कि इन्हें हटाया जाए, लेकिन इन्हें दूसरी जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। बकरियों के पीछे शेर खड़े हैं। अगर शेरों को आगे लाया जाए तो शिवसेना के एकनाथ शिंदे 2029 में फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।’’

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) राज्य की सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दल हैं।

शिंदे 2022 में अविभाजित शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत की अगुवाई करने के बाद मुख्यमंत्री बने थे। इस कदम से पार्टी में विभाजन हो गया था और महा विकास आघाडी सरकार गिर गई थी, जिसका नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे थे। 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद शिंदे उपमुख्यमंत्री बने, जबकि मुख्यमंत्री पद देवेंद्र फडणवीस को मिला।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में शिवसेना के 57 विधायक हैं।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में