शिवसेना (उबाठा) ने प्याज की कम खरीद दर के विरोध में समृद्धि एक्सप्रेसवे जाम किया

शिवसेना (उबाठा) ने प्याज की कम खरीद दर के विरोध में समृद्धि एक्सप्रेसवे जाम किया

शिवसेना (उबाठा) ने प्याज की कम खरीद दर के विरोध में समृद्धि एक्सप्रेसवे जाम किया
Modified Date: May 18, 2026 / 01:43 pm IST
Published Date: May 18, 2026 1:43 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, 18 मई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के कार्यकर्ताओं ने प्याज की कम खरीद दर के विरोध में सोमवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ‘चक्का जाम’ करके आंदोलन किया।

एक अधिकारी ने बताया कि वैजापुर तहसील के जंबारगांव इंटरचेंज पर सुबह करीब 10 बजे हुए इस प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने एक्सप्रेसवे पर टायर जलाए और यातायात अवरुद्ध कर दिया।

पत्रकारों से बात करते हुए, शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे ने कहा, ‘अधिकारियों ने हमारे आंदोलन की अनुमति नहीं दी। लेकिन हम यहां प्याज किसानों के समर्थन में आए हैं। हम चाहते हैं कि सरकार फसल को उचित दर पर खरीदे, और आंदोलन के माध्यम से हमारी यही एकमात्र मांग है।’

उन्होंने दावा किया कि प्याज 25 से 50 पैसे प्रति किलो की दर से खरीदी जा रही है, जो किसानों के लिए अनुचित है।

दानवे ने आरोप लगाया, ‘प्याज की खेती करने वाले किसान आत्महत्या कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने 12.35 रुपये प्रति किलोग्राम की खरीद दर घोषित की है, लेकिन कोई भी इस दर पर उपज नहीं खरीद रहा है।’

बाद में पुलिस ने दानवे और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें वैजापुर पुलिस थाने ले गई, जिससे एक्सप्रेसवे पर लगा अवरोध हट गया।

प्याज की गिरती कीमतों के मद्देनजर, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले सप्ताह घोषणा की कि केंद्र सरकार किसानों से 12.35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की खरीद करेगी।

पश्चिम एशिया संकट के कारण निर्यात प्रभावित होने से रसोई में इस्तेमाल होने वाली इस आवश्यक वस्तु की कीमत गिर गई है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में