शिवकुमार ने अमित शाह से अपर भद्रा परियोजना की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया

Ads

शिवकुमार ने अमित शाह से अपर भद्रा परियोजना की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 05:18 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 05:18 PM IST

चेन्नई, 20 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपर भद्रा परियोजना के लिए केंद्र द्वारा घोषित 5,300 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि राशि जारी होने में देरी से परियोजना का काम प्रभावित हो रहा है।

शिवकुमार ने यहां दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि कर्नाटक की पिछली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये की घोषणा की थी लेकिन अब तक यह राशि जारी नहीं की गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने शाह से कहा, ‘‘वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने (बसवराज) बोम्मई सरकार के दौरान केंद्रीय बजट में अपर भद्रा परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये की घोषणा की थी। संसद में घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक यह राशि आवंटित नहीं की गई है, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है। मेरा आपसे अनुरोध है कि कृपया राशि जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।’’

शिवकुमार ने निजी कंपनियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की राशि के इस्तेमाल के तरीके पर भी चिंता जताई।

उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी नीति या नियम बनाया जाना चाहिए, जिसके तहत राज्य सरकार स्थानीय जरूरतों के आधार पर सीएसआर की राशि के इस्तेमाल का फैसला कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे एक राज्य में कारोबार करते हैं और निवेश कहीं और करते हैं। हमारी प्राथमिकताएं शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हैं। ऐसे में राज्य सरकार को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि वे राशि कहां और किस तरह खर्च करें।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, शाह ने शिवकुमार के सुझाव से आंशिक रूप से सहमति जताई और उन्हें सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों के प्रमुखों के साथ बातचीत करने को कहा।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश