शिवकुमार 10 फरवरी को दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे

Ads

शिवकुमार 10 फरवरी को दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 01:04 AM IST

बेंगलुरु, नौ फरवरी (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि वह 10 फरवरी को पार्टी नेताओं से मिलने के लिए नयी दिल्ली जाएंगे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘मैं उन पार्टी नेताओं से मुलाकात करूंगा जिन्होंने मुझे दिल्ली बुलाया है। यात्रा के दौरान, मैं केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल और कानूनी सलाहकारों से भी मुलाकात करूंगा।’

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली बुलाया है, शिवकुमार ने कहा, ‘मैं उन सभी लोगों के नाम का खुलासा नहीं कर सकता जिनसे मैं मिलूंगा। आप इतने उत्सुक क्यों हैं? मैं सिर्फ उपमुख्यमंत्री नहीं बल्कि कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष भी हूं। मैं 10 मार्च को केपीसीसी अध्यक्ष के रूप में छह साल पूरे करूंगा और पार्टी सांसदों और पार्टी नेताओं से मिलना मेरा कर्तव्य है।’

शिवकुमार ने कहा, ‘मैं अपनी पार्टी के नेताओं से मिलता रहता हूं और अपनी कठिनाइयों, दुखों, खुशियों और आकांक्षाओं को साझा करता हूं।’

जब उनके विभाग की बजट-पूर्व बैठकें निर्धारित होने के बावजूद दिल्ली दौरे को लेकर पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से अनुमति लेंगे।

उनका यह दौरा उनके और सिद्धरमैया के बीच फिर से सामने आ रही नेतृत्व संघर्ष की अटकलों के बीच हो रहा है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत