एटा (उप्र), सात मई (भाषा) नागला भीम गांव में एक विवाह समारोह में गीतों को लेकर विवाद होने पर एक व्यक्ति ने गोली चला दी, जो दुल्हन के रिश्तेदार के सीने में जा लगी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घटना बुधवार को मरहरा थाना क्षेत्र के गांव में हुई, जहां चरण सिंह नामक व्यक्ति की बेटी आरती की शादी थी।
पुलिस के अनुसार, दुल्हन पक्ष और कसगंज जिले के सोरांव गेट क्षेत्र से बारात लेकर आए दूल्हे के रिश्तेदारों के बीच गाना बजाने को लेकर बहस हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान एक युवक ने कथित रूप से देसी कट्टे से गोली चला दी, जो दुल्हन के एक रिश्तेदार के सीने में जा लगी।
पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्यों ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत के कारण उसे अलीगढ़ के वरुण ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि घटना के बाद दुल्हन के परिवार ने विवाह करने से इनकार कर दिया और बारात वापस भेज दी।
थाना प्रभारी केके लोथी ने कहा कि पीड़ित के परिवार की ओर से मिली शिकायत के आधार पर विष्णु नामक व्यक्ति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
क्षेत्राधिकारी संकल्प दीप कुशवाहा ने कहा कि विवाद के कारण शादी रद्द कर दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं सलीम जोहेब
जोहेब