पत्रकार शुजात बुखारी के जनाजे में शामिल हुए हजारों, हत्यारों के फोटो जारी

Ads

पत्रकार शुजात बुखारी के जनाजे में शामिल हुए हजारों, हत्यारों के फोटो जारी

  •  
  • Publish Date - June 15, 2018 / 09:22 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:47 PM IST

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पत्रकार शुजात बुखारी को उनके पैतृक गांव में शुक्रवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके जनाजे में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। भारी बारिश के बावजूद बारामूला में हजारों लोग नम आंखों से बुखारी के जनाजे में शामिल होने पहुंचे।

जनाजे में शामिल होने वालों में विपक्ष के नेता उमर अब्दुल्ला, राज्य के मंत्री भी शामिल थे। लोगों ने बताया कि गांव में इससे पहले कभी किसी ने ऐसा जनाजा नहीं देखा, जिसमें इतने लोग शामिल हुए हों।

यह भी पढ़ें : देश के 13 राज्यों में आंधी, बारिश और बाढ़ का कहर, 31 लोगों की मौत

राइजिंग कश्मीर अखबार के संपादक शुजात बुखारी की गुरुवार को हुई हत्या में पुलिस के हाथ बड़ा सुराग लगा है। पुलिस ने घटनास्थल के पास से सीसीटीवी फुटेज बरामद किए हैं। इन फुटेज में एक बाइक पर सवार 3 संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीर जारी कर दी है। बुखारी के साथ 2 सुरक्षा जवानों की भी मौत इस हमले में हो गई थी।

माना जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे फरार आतंकी जावेद नट का हाथ है। सीसीटीवी फुटेज में नट बाइक पर बीच में बैठा हुआ नजर आ रहा है। नट पिछले दिनों श्रीनगर स्थित कश्मीर अस्पताल से फरार हो गया था। पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया है। हालांकि लश्कर ने इस हत्या की निंदा की है लेकिन फोर्स इसे आतंकी संगठन की नई रणनीति मान रही है।

यह भी पढ़ें : सत्ता, संपत्ति और साजिश के इर्द-गिर्द घूम रही भय्यूजी महाराज की मौत की कहानी

बता दें कि शुजात बुखारी पर इससे पहले भी कई बार जानलेवा हमले हुए थे। आतंकियों ने जुलाई 1996 में उन्हें 7 घंटे तक अनंतनाग में बंधक बना लिया। इसी तरह साल 2000 में उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी तब से वे पुलिस सुरक्षा में रहते थे। साल 2006 में भी उन पर जानलेवा हमला हुआ  था। वहीं एक साल पहले ही पाकिस्तानी आतंकियों ने उन्हें धमकी दी थी।

वेब डेस्क, IBC24