कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धरमैया ने सोनिया गांधी, राहुल से मुलाकात की
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धरमैया ने सोनिया गांधी, राहुल से मुलाकात की
नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने शुक्रवार सुबह अपने बेटे यतींद्र के साथ राहुल गांधी और सोनिया गांधी से 10 जनपथ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सिद्धरमैया कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपने भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उन्होंने राज्यसभा सीट लेने से पहले ही इनकार कर दिया है।
सिद्धरमैया यह भी कह चुके हैं कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान द्वारा सुझाई गई केंद्रीय भूमिका में उनकी रुचि नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, ऐसी संभावना जतायी जा रही है कि सिद्धरमैया, सोनिया गांधी को धन्यवाद देंगे, जिन्होंने 2006 में उनके जनता दल (सेक्युलर) छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें इस दक्षिणी राज्य का नेतृत्व करने का अवसर दिया।
सूत्रों ने बताया कि सिद्धरमैया अपने बेटे और वफादार नेताओं के लिए नये कर्नाटक मंत्रिमंडल में जगह की मांग भी कर सकते हैं जिसमें उपमुख्यमंत्री पद भी शामिल है।
गांधी परिवार से मुलाकात के बाद वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ भी मामलों पर चर्चा करेंगे।
सिद्धरमैया की गांधी परिवार के साथ बैठक के दौरान कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद थे।
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धरमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सरकार गठन को लेकर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल के साथ अलग से चर्चा करेंगे। शिवकुमार के कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस कर्नाटक में पार्टी संगठन के पुनर्गठन पर भी काम करेगी, जिस पर शुक्रवार को चर्चा होने की संभावना है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


