बेंगलुरु, 28 मई (भाषा) कर्नाटक के कानून मंत्री एच.के. पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।
संसदीय कार्य मंत्री का भी पद संभाल रहे पाटिल ने सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद इस्तीफा सौंपने लोक भवन जाएंगे और यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस के आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप है।
मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “मुख्यमंत्री ने आलाकमान के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा है कि वह इस्तीफा देंगे।… पार्टी के भीतर कहीं कोई असहमति नहीं है। यह सर्वसम्मति से लिया गया फैसला है और आलाकमान ने जो कहा है, उस पर सभी सहमत हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा