सिक्किम विधानसभा ने सुरंग हादसे में मारे गए 11 श्रमिकों को दी श्रद्धांजलि
सिक्किम विधानसभा ने सुरंग हादसे में मारे गए 11 श्रमिकों को दी श्रद्धांजलि
गंगटोक, 21 जुलाई (भाषा) सिक्किम विधानसभा ने मंगलवार को नमची जिले में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना में मारे गए 11 श्रमिकों की याद में दो मिनट का मौन रखा।
बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत में, अध्यक्ष मिंगमा नोरबू शेरपा के नेतृत्व में सदन ने सोमवार को समरडंग के झोरलुंगे स्थित एनएचपीसी तीस्ता चरण छह परियोजना की सुरंग ढहने की घटना में मृत लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा।
अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में करीब 25 श्रमिक और कुछ परियोजना अधिकारी फंस गए थे। इनमें से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य को बचाने के लिए अभियान जारी है।
एनएचपीसी ने बताया कि चट्टानों के भीतर संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक बाहर निकलने से विस्फोट हुआ, जिससे जहरीली गैस और धुआं फैल गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों और घायलों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के मानकों के अनुसार सहायता दी जाएगी।
उन्होंने पहले मृत श्रमिकों के आश्रितों के लिए चार लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे बात कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
बाद में सदन ने राज्य चिकित्सा परिषद की स्थापना और निजी ओपन स्कूलिंग बोर्ड के गठन से जुड़े दो विधेयकों को पारित किया। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सदस्यों ने वर्ष 2026-27 के आम बजट पर चर्चा की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बजट को 23 जुलाई को पारित करने के लिए सदन में पेश किया जाएगा।
इसके बाद उपाध्यक्ष राज कुमारी थापा की अध्यक्षता में सदन ने लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, जल संसाधन और धार्मिक मामलों समेत अन्य विभागों के लिए वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों को मंजूरी दे दी।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


