सिक्किम सुरंग हादसा: बचाव दलों ने सभी 25 श्रमिकों के शव बरामद किए

सिक्किम सुरंग हादसा: बचाव दलों ने सभी 25 श्रमिकों के शव बरामद किए

सिक्किम सुरंग हादसा: बचाव दलों ने सभी 25 श्रमिकों के शव बरामद किए
Modified Date: July 23, 2026 / 03:58 pm IST
Published Date: July 23, 2026 3:58 pm IST

नामची, 23 जुलाई (भाषा) सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की सुरंग से सभी 25 श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एनएचपीसी की तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग सोमवार अपराह्न एक बजे के कुछ देर बाद संदिग्ध रूप से मीथेन गैस के कारण हुए विस्फोट के बाद ढह गई थी और उस समय सुरंग में 25 श्रमिक मौजूद थे।

‘ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड’ के बचाव दल के सदस्य के. के. रॉय ने संवाददाताओं को बताया कि लगातार 72 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सिक्किम सरकार, जिला प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।’’

बुधवार तक आठ शवों की पहचान की जा चुकी थी। इनमें चार श्रमिक पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के थे तथा पंजाब, उत्तराखंड, असम और सिक्किम का एक-एक श्रमिक था।

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि झारखंड के खूंटी, हजारीबाग और पश्चिम सिंहभूम जिलों के भी कम से कम चार श्रमिक भी सुरंग में मौजूद थे।

एनएचपीसी ने हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की बुधवार को घोषणा की।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को हादसे में मारे गए प्रत्येक श्रमिक के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजनों को दो-दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

एनएचपीसी ने एक बयान में कहा कि चट्टानों के भीतर फंसी संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक बाहर निकलने से विस्फोट हुआ, जिसके कारण सुरंग में घना धुआं और जहरीली गैस फैल गई।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में