मुख्यमंत्री तमांग के हस्तक्षेप के बाद नोएडा में मिली सिक्किम की लापता महिला
मुख्यमंत्री तमांग के हस्तक्षेप के बाद नोएडा में मिली सिक्किम की लापता महिला
गंगटोक, 25 अगस्त (भाषा) रोजगार की तलाश में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आई और बाद में लापता हो गई सिक्किम की 38 वर्षीय महिला को मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के हस्तक्षेप के बाद सकुशल ढूंढ लिया गया है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, महिला की पहचान पश्चिमी सिक्किम की रुंबुक निवासी इंद्र कला सुब्बा के रूप में हुई है। वह 15 जुलाई को रोजगार की तलाश में दिल्ली-एनसीआर गयी थी। 25 जुलाई को परिजनों से आखिरी बार संपर्क होने के बाद उसके परिवार और शुभचिंतकों ने गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के सेक्टर 39 पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव युगन तमांग द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘मामला सामने आते ही सिक्किम के मुख्यमंत्री ने तुरंत इसका संज्ञान लिया। उन्होंने नयी दिल्ली स्थित सिक्किम हाउस के स्थानिक आयुक्त और पूरी टीम को महिला की सुरक्षित वापसी के लिए बिना किसी देरी के सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।’
सूत्रों के अनुसार, महिला को खोजे जाने से पहले वह नोएडा के एक मंदिर में रह रही थी। बाद में उसे ढूंढकर मंगलवार को वापस सिक्किम भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद, सिक्किम हाउस के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और सुब्बा की तलाश शुरू की। आखिर में सोमवार शाम को उसे सकुशल ढूंढकर सिक्किम हाउस लाया गया।
पश्चिमी सिक्किम के रुंबुक में रह रहे उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है और मंगलवार को महिला को परिजनों को सौंपे जाने की संभावना है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


