एसआईएलएफ ने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया
एसआईएलएफ ने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) ‘सोसाइटी ऑफ इंडियन लॉ फर्म्स’ (एसआईएलएफ) ने मंगलवार को ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स (बीवीआई) के एक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया, जिसमें बीवीआई की सरकार के प्रमुख भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल व्यापार, निवेश और कानूनी सहयोग को मजबूत करने की संभावनाएं तलाशने के लिए भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आया है।
एसआईएलएफ के अध्यक्ष ललित भसीन ने बीवीआई की सरकार के प्रमुख नतालियो डी व्हीट्ली, वित्तीय सेवाओं, आर्थिक विकास एवं डिजिटल परिवर्तन मंत्री लोर्ना स्मिथ और अन्य प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
भसीन ने कहा, “यह ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स से किसी प्रतिनिधिमंडल की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। निजी तौर पर पहले दौरे हुए हो सकते हैं, लेकिन यह पहली आधिकारिक यात्रा है।”
उन्होंने कहा कि यह दौरा केवल भारत या ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में हुए घटनाक्रमों के कारण जरूरी नहीं हुआ है, बल्कि वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों के चलते भी दोनों पक्षों के बीच आपसी आर्थिक और व्यावसायिक संबंधों को बढ़ावा देने की आवश्यकता महसूस हुई है।
भसीन ने कहा, “हाल में हमने देखा है कि ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स एक ऐसी जगह के तौर पर उभरा है, जहां व्यापार, वाणिज्य और आर्थिक साझेदारी फल-फूल सकती है।”
उन्होंने कहा, “इसलिए वैश्विकरण के दौर में इस तरह से शुरुआत करना हमारे लिए सचमुच सौभाग्य की बात है। यह वाकई बहुत सम्मान की बात है कि आपके प्रतिनिधिमंडल ने एसआईएलएफ का दौरा करने का फैसला किया, जो भारत में कानूनी फर्म की सबसे बड़ी संस्था है।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


