श्रीनगर, 28 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय मादक पदार्थों और आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का प्रशासन को निर्देश दिया है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने बुधवार को श्रीनगर के लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल को ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने पुलिस महानिदेशक को अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती करके मादक पदार्थों के खिलाफ कार्य बल को और मजबूत करने का निर्देश दिया।
नशाखोरी के पीड़ितों के लिए पुनर्वास उपायों की समीक्षा करते हुए, उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने साथ ही उचित परामर्श और उपचार के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
उपराज्यपाल ने मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों को रोकने और जनता में जागरूकता बढ़ाने के लिए मादक पदार्थ तस्करों के बारे में सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी देने का आह्वान किया।
प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने स्कूल और उच्च शिक्षा विभागों को खेल टूर्नामेंट और युवा जुड़ाव कार्यक्रम आयोजित करने का जिम्मा सौंपा ताकि युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रखा जा सके।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश