पुलिस की हिरासत से व्यक्ति को ‘छुड़ाने के प्रयास’ को लेकर मजीठिया की गिरफ्तारी को एसआईटी गठित
पुलिस की हिरासत से व्यक्ति को ‘छुड़ाने के प्रयास’ को लेकर मजीठिया की गिरफ्तारी को एसआईटी गठित
चंडीगढ़, एक जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने अमृतसर के मजीठा थाने में कथित तौर पर हंगामा करने और हिरासत में लिये गए व्यक्ति को जबरन छुड़ाने की कोशिश के आरोपी बिक्रम सिंह मजीठिया और कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, पुलिस सोमवार को मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर पहुंची लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता मजीठिया और 50-60 अन्य लोग रविवार को जबरन थाने में घुस गए, ‘‘कानून की पूरी तरह अवहेलना करते हुए’’ विभिन्न कमरों में गए, पुलिस अधिकारियों से मारपीट की और मामले से संबंधित दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने कहा कि ‘‘कोई व्यक्ति कितने भी ऊंचे पद पर क्यों न हो, कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी’’ और मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है।
हालांकि, शिअद ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति हाल में हुए नगर निकाय चुनाव में पार्टी का मतदान अभिकर्ता (पोलिंग एजेंट) था और उसे पुलिस लॉकअप के बजाय थाना प्रभारी (एसएचओ) के आवासीय परिसर में रखा गया था। शिअद ने मामले को ‘‘गढ़ा हुआ’’ और ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ से प्रेरित बताया।
अमृतसर में मजीठिया के आवास के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में अमृतसर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक आदित्य वारियर ने कहा कि रविवार को हुई घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब अमृतसर ग्रामीण पुलिस मजीठिया के आवास पहुंची तो वह वहां मौजूद नहीं थे।
वारियर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और ‘‘हम मजीठिया को गिरफ्तार करने आए थे।’’
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल मीर कासिम ने बताया कि जोबनप्रीत सिंह को 30 मई को मजीठा थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया था।
कासिम ने कहा, ‘‘औपचारिक गिरफ्तारी के बाद जब वह वैध पुलिस हिरासत में था और उससे पूछताछ की जा रही थी, तभी एक अवैध जमावड़ा मजीठा थाने के बाहर एकत्र हो गया। उन्होंने हमारे कर्मचारियों पर काबू पाकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत जबरन थाने में प्रवेश किया, जिसका उद्देश्य जोबनप्रीत को छुड़ाना था।’’
उन्होंने कहा कि भीड़ का प्रवेश अवैध और अनधिकृत था।
एसएसपी ने आरोप लगाया, ‘‘बिक्रम सिंह मजीठिया भी इसमें शामिल थे और उन्होंने कानून की पूरी तरह अवहेलना करते हुए बिना किसी अधिकार के थाने के कमरों की तलाशी शुरू कर दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे उस कमरे तक भी पहुंच गए जहां जोबनप्रीत से पूछताछ की जा रही थी। हमारे कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी। वहां रखी केस फाइल को भी नुकसान पहुंचाया गया।’’
कासिम ने बताया कि इसके बाद जोबनप्रीत को उस कमरे से जबरन बाहर ले जाया गया, जबकि वह वैध पुलिस हिरासत में था।
उन्होंने कहा, ‘‘इस दौरान एसएचओ और डीएसपी मजीठा स्थिति नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन अवैध भीड़ उनसे भिड़ गयी। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताने का प्रयास किया कि जोबनप्रीत की औपचारिक गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बावजूद उसे पुलिस हिरासत से बाहर ले जाने की कोशिश की गई।’’
एसएसपी ने कहा, ‘‘पुलिस बल पर हमला किया गया और सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल का इस्तेमाल किया गया। एसएचओ का मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया गया।’’
एसएसपी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने हालांकि जोबनप्रीत को दोबारा अपनी हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद भीड़ ने नारेबाजी की, हंगामा करने की कोशिश की और भय का माहौल बनाने का प्रयास किया।
कासिम ने कहा, ‘‘उपलब्ध सभी साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमारी छापेमारी जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी की अगुवाई में एक विशेष जांच दल गठित किया गया है।
एसएसपी ने कहा, ‘कोई व्यक्ति कितना भी ऊंचे पद पर क्यों न हो, यदि वह कानून तोड़ता है तो कानून अपना काम करेगा और कार्रवाई होगी।’’
यह पूछे जाने पर कि प्राथमिकी में कितने लोगों को नामजद किया गया है, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध वीडियो के अनुसार 50-60 से अधिक लोग वहां मौजूद थे। उन्होंने बताया कि छह से सात लोगों की पहचान कर ली गई है और बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
यह पूछे जाने पर कि क्या मजीठिया भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे, एसएसपी ने कहा कि वह ‘‘अवैध जमावड़े’’ का हिस्सा थे।
इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया।
शिअद नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता और चुनाव अभिकर्ता जोबनप्रीत सिंह को रविवार तड़के उसके घर से हिरासत में लिया गया और अमृतसर में पुलिस लॉकअप के बजाय स्थानीय एसएचओ के आवासीय परिसर में रखा गया।
मजीठिया और उनके समर्थकों का आरोप है कि हाल में हुए नगर निकाय चुनाव में शिअद के मतदान अभिकर्ता होने के कारण जोबनप्रीत को राजनीतिक प्रतिशोध के तहत एक मनगढ़ंत मामले में फंसाकर हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि रविवार को मजीठिया और उनके समर्थकों ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस अधिकारियों से बहस की।
भाषा अमित मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


