कोलकाता, 28 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम के ढहने की जांच कर रही एसआईटी ने गिरफ्तार किए गए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पूर्व अधिकारी कालीचरण बंद्योपाध्याय के हावड़ा स्थित घर पर रविवार को तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कोलकाता के पूर्व महापौर फिरहाद हकीम के विशेष कार्य अधिकारी रहे बंद्योपाध्याय को एसआईटी ने बृहस्पतिवार को इस मामले में गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि जांच अधिकारी तलाशी अभियान के तहत बंद्योपाध्याय को हावड़ा स्थित उनके घर ले गए। उन्होंने बताया कि एसआईटी निर्माण से जुड़े दस्तावेज और ‘बिल्डिंग प्लान’ को गैर-कानूनी तरीके से मंजूरी देने से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन के सबूत तलाश रही है।
शहर के तारातला इलाके में ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर बन रहा एक गोदाम बुधवार को ढह गया, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के सिलसिले में बंद्योपाध्याय समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को एक अदालत ने बंद्योपाध्याय को चार जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप